पढुआ पुलिस ने साइबर ठगी गैंग का किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार : आरोपियों के पास से कैश चेक बुक और एक कार बरामद
Gopal Giri
Thu, May 28, 2026
लखीमपुर खीरी। थाना पढुआ पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन, 20 एटीएम कार्ड, चेक बुक, पासबुक, सिम कार्ड, नगदी, एक होंडा सिटी कार और एक अपाचे बाइक बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी और क्षेत्राधिकारी निघासन के पर्यवेक्षण में थाना पढुआ पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस टीम ने ढखेरवा-निघासन रोड स्थित लखहा मोड़ के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चार युवकों को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे “नाइट वन क्लब”, “एविएटर”, “कलर ट्रेड” और “बीट जीबी” जैसे थर्ड पार्टी गेमिंग ऐप्स के जरिए लोगों को झांसे में लेते थे। सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लाखों रुपये कमाने का लालच देकर निवेश करवाया जाता था और बाद में फ्रॉड तरीके से ओटीपी हासिल कर उनके खातों से रकम निकाल ली जाती थी। आरोपी इस ठगी के बदले 15 प्रतिशत कमीशन प्राप्त करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में संतोष कुमार निवासी चचरापुरवा, दिलीप कुमार निवासी चचरा, अंकित कुमार निवासी चचरा और आशीष गौतम निवासी ढखेरवा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से विभिन्न बैंकों की पासबुक, महाराष्ट्र के नाम से जारी चेक बुक, 11 सिम कार्ड और करीब 2,800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
इस संबंध में थाना पढुआ में बीएनएस एवं आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन गेमिंग ऐप में निवेश करने से पहले सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन