हादसे मे किसान की मौत : भैंस पकड़ने नदी में उतरे अधेड़ की डूबकर मौत, 29 जून को थी बेटी की शादी
Gopal Giri
Sat, Jun 6, 2026
शानदार खा / धौरहरा
लखीमपुर खीरी: पढुआ थाना क्षेत्र के जम्हौरा गौढ़ी गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय फकीरा पुत्र धनीराम की सोती नदी में डूबने से मौत हो गई। वह अपनी भैंस को पकड़ने के लिए नदी में उतरे थे, लेकिन गहरे पानी में चले जाने से डूब गए।
जानकारी के अनुसार, फकीरा पिछले कई वर्षों से नदी किनारे झोपड़ी बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे। शनिवार दोपहर उनकी एक भैंस नदी की ओर चली गई। उसे वापस लाने के प्रयास में वह नदी में उतर गए और हादसे का शिकार हो गए। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। बाद में उनका शव नदी में उतराता मिला, जिसे ग्रामीणों ने बाहर निकाला।
सूचना पर पहुंची पढुआ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फकीरा परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य बताए जाते हैं। उनकी पुत्री दुर्गावती की शादी आगामी 29 जून को होनी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। घटना से परिवार में कोहराम मचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Tags :
हादसा
विज्ञापन
विज्ञापन