मझरा पूरब रेलवे स्टेशन के पास हादसा, गोताखोरों से तलाश जारी : रेलवे पुल पार करते समय शारदा नहर में गिरा बाइक सवार युवक, लापता
Gopal Giri
Tue, Sep 15, 2026
लखीमपुर खीरी : (शानदार खां /धौरहरा ) पढ़ुआ थाना क्षेत्र में मझरा पूरब रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार शाम शारदा नहर पर बने रेलवे पुल को पार करते समय एक बाइक सवार युवक संतुलन बिगड़ने से नहर में गिर गया। गहरे पानी में जाने के बाद युवक लापता हो गया, जबकि उसकी बाइक पुल पर ही मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई।
लापता युवक की पहचान खैरटिया निवासी सूरज (19) पुत्र मंगल के रूप में हुई है। बताया गया कि सूरज किसी काम से गजियापुर जा रहा था। मंगलवार शाम करीब चार बजे वह मझरा पूरब रेलवे स्टेशन के पास शारदा नहर पर बने रेलवे पुल से गुजर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नहर में जा गिरा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक रेलवे पुल पर दोनों पटरियों के बीच केवल पैदल निकलने की संकरी जगह है। इसके बावजूद आसपास के लोग इसी रास्ते से बाइक और साइकिल भी निकालते हैं। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पढ़ुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई। नहर में खोजबीन के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया है। पुलिस और स्थानीय लोग युवक की तलाश में जुटे हैं। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। युवक के नहर में लापता होने की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन